ओमप्रकाश राजभर बोले: योगी जी गर्मी उतार रहे, हमें जिताओ हम भर्ती निकालेंगे, गृह मंत्री अमित शाह पर भी कसा तंज
योगी जी गर्मी उतारने की बात कर रहे हैं आप हमें जिताओ हम भर्ती निकालेंगे। सरकार बनने के छह माह के अंदर जातीय जनगणना कराएंगे। सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने ये बातें आजमगढ़ में अतरौलिया के मेहियापार बाजार में जनसभा को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि हम किसी पार्टी को सत्ता में ला सकते हैं तो सत्ता से हटा भी सकते हैं।
हम आंबेडकर के संविधान को बचाने का काम करेंगे। दलित व शोषितों को आरक्षण दिलाने का काम करेंगे। पीएम पर तंज कसते हुए कहा कि वह कहते हैं मैं देश को नहीं झुकने दूंगा लेकिन उनकी सरकार ने रेलवे बेच दिया, एयरलाइंस बेच दिया, बीएसएनल को बेच दिया, अब जो बचा है वह भी बेच देंगे।
अमित शाह के बयान पर कसा तंज
गृह मंत्री अमित शाह पर तंज कसते हुए कहा कि देश के गृह मंत्री एक कार्यक्रम में कह रहे थे कि युवाओं इंटर पास कर बारहवीं में नॉमिनेशन करा लो। ऐसे हैं हमारे गृह मंत्री जिन्हें इंटर और 12 के बारे में नहीं पता। कहा, योगी सरकार में 16 पेपर लीक हो गए और सीएम बयान देते हैं कि हम युवाओं की गर्मी निकाल देंगे।
तो हम कह रहे हैं कि 2022 में हमारी सरकार बनेगी तो हम युवाओं के लिए भर्ती निकाल देंगे। तीन चरणों में हुए चुनाव में हम बहुमत की ओर हैं और 2022 में जहां उत्तर प्रदेश से बाबा की विदाई होनी है वहीं 2024 में केंद्र से मोदी के भी विदाई होने वाली है।
सपा के राष्ट्रीय महासचिव बलराम यादव ने भी जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने लोगों से सपा की सरकार बनाने की अपील की।
No Comments